Tuesday, 26 January 2016

भगवान गणेश के अष्टविनायक मंदिर

महाराष्ट्र में भगवान गणेश के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, जिनमें गणेशजी के अष्टविनायक मंदिर भी शामिल हैं। गणपति उपासना के लिए महाराष्ट्र के अष्टविनायक का विशेष महत्व माना जाता है। इन मंदिरों के संबंध में मान्याता है कि यहां विराजित गणेश प्रतिमाएं खुद प्रकट हुई हैं।
जानें भगवान गणेश के प्रसिद्ध अष्टविनायक मंदिरों के बारे में...
1. श्री मयूरेश्वर मंदिर


गणपतिजी का यह मंदिर पुणे से 80 किलोमीटर दूरी पर मोरगांव नाम की जगह पर है। मयूरेश्वर मंदिर के चारों कोनों में मीनारें हैं और लंबे पत्थरों की दीवारें हैं। यहां चार द्वार हैं। ये चारों दरवाजे चारों युग सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग के प्रतीक हैं। इस मंदिर के द्वार पर शिवजी के वाहन नंदी बैल की मूर्ति स्थापित है, इसका मुंह भगवान गणेश की मूर्ति की ओर है। नंदी की मूर्ति के संबंध में यह मान्यता प्रचलित है कि प्राचीन काल में शिवजी और नंदी इस मंदिर क्षेत्र में विश्राम के लिए रुके थे, लेकिन बाद में नंदी ने यहां से जाने के लिए मना कर दिया। तभी से नंदी यहीं पर हैं। नंदी और मूषक (चूहा) दोनों ही मंदिर के रक्षक के रूप में रहते हैं। मंदिर में गणेशजी बैठी मुद्रा में विराजमान हैं तथा उनकी सूंड बाएं हाथ की ओर है, उनकी चार भुजाएं और तीन नेत्र हैं।
2. सिद्धिविनायक मंदिर

अष्ट विनायक में दूसरा गणेश मंदिर है सिद्धिविनायक मंदिर। यह मंदिर पुणे से करीब 200 किमी दूरी पर है। इस मंदिर के पास ही भीम नदी है। यह मंदिर पुणे के सबसे पुराने मंदिरों में से एक माना जाता है। सिद्धटेक में सिद्धिविनायक मंदिर बहुत ही सिद्ध स्थान है। मान्यता है कि यहीं पर भगवान विष्णु ने सिद्धियां हासिल की थी। सिद्धिविनायक मंदिर एक पहाड़ की चोटी पर बना हुआ है। जिसका मुख्य द्वार उत्तर दिशा की ओर है। मंदिर की परिक्रमा के लिए पहाड़ी की यात्रा करनी होती है। यहां गणेशजी की मूर्ति 3 फीट ऊंची और ढाई फीट चौड़ी है। मूर्ति का मुंह उत्तर दिशा की ओर है। भगवान गणेश की सूंड सीधे हाथ की ओर है।
3. श्री बल्लालेश्वर मंदिर
अष्टविनायक में तीसरा मंदिर श्री बल्लालेश्वर मंदिर है। यह मंदिर मुंबई-पुणे हाइवे पर पाली से टोयन में और गोवा राजमार्ग पर नागोथाने से पहले 11किलोमीटर दूरी पर है। इस मंदिर का नाम गणेशजी के भक्त बल्लाल के नाम पर पड़ा है। माना जाता है कि पुराने समय में बल्लाल नाम का एक लड़का था, जो गणेशजी का परमभक्त था। एक दिन उसने पाली गांव में विशेष पूजा का आयोजन किया। पूजन कई दिनों तक चल रहा था, पूजा में शामिल कई बच्चे घर लौटकर नहीं गए और वहीं बैठे रहे। इस कारण उन बच्चों के माता-पिता ने बल्लाल को पीटा और गणेशजी की प्रतिमा के साथ उसे भी जंगल में फेंक दिया। गंभीर हालत में भी बल्लाल गणेशजी के मंत्रों का जप करता रहा। उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर गणेशजी ने उसे दर्शन दिए। तब बल्लाल ने गणेशजी से वरदान मांगा कि अब वे इसी स्थान पर निवास करें। गणपति ने उसकी प्रार्थना सुन ली। तभी से गणेशजी बल्लालेश्वर नाम से यहां विराजित हो गए।
4. श्री वरदविनायक मंदिर

अष्ट विनायक में चौथा मंदिर है श्री वरदविनायक मंदिर। यह मंदिर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के कोल्हापुर क्षेत्र में है। महाड़ नाम के एक सुन्दर पर्वतीय गांव में श्री वरदविनायक मंदिर है। यहां प्रचलित मान्यता के अनुसार वरदविनायक भक्तों की सभी कामनाओं को पूरा करते है। इस मंदिर में नंददीप नाम का एक दीपक है, जो कई वर्षों में जल रहा है। कहा जाता है कि वरदविनायक का नाम लेने मात्र से ही सभी मनोकामनां पूर्ण हो सकती हैं।

5. चिंतामणि गणपति मंदिर
अष्टविनायक में पांचवां मंदिर है चिंतामणि गणपति। यह मंदिर पुणे जिले के हवेली क्षेत्र में है। मंदिर के पास ही तीन नदियों भीम, मुला और मुथा का संगम है। इस मंदिर के बारे में मान्यता है कि यदि किसी भक्त का मन बहुत विचलित है और जीवन में दुखों का सामना करना पड़ रहा है तो इस मंदिर में आने पर उसकी सभी समस्याएं दूर हो सकती हैं। ब्रहमाजी ने अपने विचलित मन को वश में करने के लिए इसी स्थान पर तपस्या की थी।

6. श्री गिरजात्मज गणपति मंदिर

अष्टविनायक मंदिरों में छठा मंदिर है श्री गिरजात्मज। यह मंदिर पुणे-नासिक राजमार्ग पर पुणे से करीब 90 किलोमीटर दूरी पर है। क्षेत्र के नारायणगांव से इस मंदिर की दूरी 12 किलोमीटर है। गिरजात्मज का अर्थ है गिरिजा यानी माता पार्वती के पुत्र गणेश। यह मंदिर एक पहाड़ पर बौद्ध गुफाओं के स्थान पर बनाया गया है। यहां लेनयादरी पहाड़ पर 18 बौद्ध गुफाएं हैं और इनमें से 8वीं गुफा में गिरजात्मज विनायक मंदिर है। इन गुफाओं को गणेश गुफा भी कहा जाता है। मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 300 सीढ़ियां चढ़नी होती हैं। यह पूरा मंदिर ही एक बड़े पत्थर को काटकर बनाया गया है।

7. विघ्नेश्वर गणपति मंदिर

अष्टविनायक में सातवें स्थान पर है विघ्नेश्वर गणपति। यह मंदिर पुणे के ओझर जिले में जूनर क्षेत्र में है। यह पुणे-नासिक रोड पर नारायणगावं से जूनर या ओजर होकर करीब 85 किलोमीटर दूरी पर है। कथाओं के अनुसार विघनासुर नामक एक असुर था जो संतों को परेशान करता रहता था। भगवान गणेश ने इसी क्षेत्र में उस असुर का वध किया और सभी को कष्टों से मुक्ति दिलाई थी। तभी से यह मंदिर विघ्नेश्वर, विघ्नहर्ता और विघ्नहार के रूप में जाना जाता है।

8. महागणपति मंदिर
अष्टविनायक मंदिर में आठवां गणेश मंदिर है महागणपति मंदिर। यह मंदिर पुणे के राजणगांव में है। यह पुणे-अहमदनगर राजमार्ग पर 50 किलोमीटर की दूरी पर है। इस मंदिर का इतिहास 9-10वीं सदी के बीच माना जाता है। मंदिर का प्रवेश द्वार पूर्व दिशा की ओर है जो कि बहुत विशाल और सुन्दर है। भगवान गणपति की मूर्ति को माहोतक नाम से भी जाना जाता है। मान्यता के अनुसार, मंदिर की मूल मूर्ति तहखाने की छिपी हुई है। पुराने समय में जब विदेशियों ने यहां आक्रमण किया था तो उनसे मूर्ति बचाने के लिए मूर्ति को तहखाने में छिपा दिया गया था।

Monday, 18 January 2016

विश्व प्रसिद्ध कोणार्क के सूर्य मंदिर

मकर संक्रांति पर सूर्य की विशेष पूजा की जाती है। इस दिन देशभर के सभी सूर्य मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रहती है। यहां जानिए विश्व प्रसिद्ध कोणार्क के सूर्य मंदिर की कुछ खास बातें...


1. उड़ीसा के कोणार्क सूर्य मंदिर का आकार रथ की तरह दिखाई देता है। यह मंदिर भारत की मध्यकालीन वास्तुकला का अनोखा उदाहरण है।
2. इस मंदिर का निर्माण राजा नरसिंहदेव ने 13वीं शताब्दी में करवाया था। ये मंदिर विशिष्ट आकार और शिल्पकला के कारण दुनियाभर में प्रसिद्ध है।




3. करीब 112 साल से मंदिर में रेत भरी हुई है। कई आक्रमणों और प्राकृतिक आपदाओं के कारण मंदिर को नुकसान हो चुका था इसलिए 1903 में बंद कर दिया गया था।
 4. कई बार यह बात वहां जाने वाले को ही नहीं पता होती कि मंदिर का अहम हिस्सा जगमोहन मंडप बंद है।
5. एक अन्य मान्यता के अनुसार भगवान कृष्ण के बारह वर्षों से लकवाग्रस्त पुत्र सांब को सूर्य देव ने ठीक किया था। इसलिए श्रीकृष्ण ने सूर्य देव को समर्पित इस मंदिर का निर्माण किया था।
6. शास्त्रों में बताया गया है कि सूर्य देव के रथ में बारह जोड़ी पहिए हैं और रथ को खींचने के लिए उसमें 7 घोड़े जुते हुए हैं। इसी मान्यता के आधार पर कोणार्क में भी रथ के आकार का मंदिर बनाया गया, जिसमें पत्थर के पहिए और घोड़े बने हैं।
 
7. यहां की सूर्य प्रतिमा पुरी के जगन्नाथ मंदिर में सुरक्षित रखी गई है और अब यहां देव मूर्ति नहीं है।
8. सूर्य मंदिर समय की गति को भी दर्शाता है, जिसे सूर्य देव नियंत्रित करते हैं।
9. पूर्व दिशा की ओर जुते हुए 7 घोड़े सप्ताह के सातों दिनों के प्रतीक हैं।
 
10. 12 जोड़ी पहिए दिन के चौबीस घंटे दर्शाते हैं, वहीं इनमें लगी 8 ताड़ियां दिन के आठों प्रहर की प्रतीक हैं।
11. कुछ लोगों का मानना है कि 12 जोड़ी पहिए साल के बारह महीनों को दर्शाते हैं।
12. मंदिर में पत्थरों पर कई विषयों और दृश्यों पर मूर्तियां बनाई गई हैं। ये मूर्तियां बहुत ही आकर्षक हैं और इस मंदिर की पहचान हैं।
 

Saturday, 9 January 2016

चिंतामन गणेश मंदिर



मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में गणेशजी का एक सिद्ध स्थान है, जिसका नाम है चिंतामन गणेश मंदिर। मान्यता है कि इस मंदिर की स्थापना भगवान श्रीराम ने की थी। यहां आने वाले भक्तों की सभी चिंताएं गणेशजी दूर करते हैं। इसीलिए इन्हें चिंतामन गणेश कहा जाता है।
श्रीराम ने वनवास काल में की थी इस मंदिर की स्थापना

पुरानी मान्यताओं के अनुसार इस मंदिर का इतिहास रामायण काल से जुड़ा है। श्रीराम वनवास के दौरान उज्जैन भी आए थे। जब श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के साथ इस क्षेत्र के वन में घूम रहे थे, तब सीता को प्यास लगी। सीता की प्यास बुझाने के लिए लक्ष्मण ने अपने बाण से एक बावड़ी बना दी थी। ये बावड़ी चिंतामन के पास ही स्थित है। श्रीराम को इस क्षेत्र की धरती दोषपूर्ण प्रतीत हो रही थी, इसीलिए उन्होंने यहां के दोष मिटाने के लिए गणेशजी का मंदिर स्थापित किया था। यही मंदिर चिंतामन गणेश के नाम से प्रसिद्ध है।

मंदिर में स्थापित हैं गणेशजी की तीन मूर्तियां
मंदिर में गणेशजी की तीन मूर्तियां एक साथ स्थापित हैं। सबसे बड़ी गणेश प्रतिमा को श्री चिंतामन गणेश, उसके पास स्थापित प्रतिमा को श्री इच्छामन गणेश और तीसरी प्रतिमा को श्री सिद्धि विनायक गणेश कहा जाता है।

मन्नत पूरी होने पर है दान करने की मान्यता
इस मंदिर में मन्नत मांगने के लिए भगवान को दूध, दही, चावल या नारियल में से कोई एक चीज चढ़ाई जाती है। जब मन्नत पूरी हो जाती है, तब उसी चीज का दान यहां किया जाता है। ऐसा करने से गणेशजी की कृपा हमेशा बनी रहती है।

Monday, 21 December 2015

हिंदू देवी-देवताओं के मंदिर जो दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं।



हिंदू देवी-देवताओं के मंदिर प्राचीनता और मान्यताओं के कारण दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। कई मंदिर ऐसे हैं, जिनका इतिहार हजारों साल पुराना है, साथ ही कुछ मंदिरों के महत्व के बारे में धर्म-ग्रंथों में भी वर्णन मिलता है।
आज हम आपको दुनियाभर के ऐसे ही 15 सबसे प्राचीन मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो न सिर्फ प्राचीन हैं बल्कि बहुत ही प्रसिद्ध और चमत्कारी भी हैं।
1. श्री जगन्नाथ मंदिर (उड़ीसा)

पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर एक हिन्दू मंदिर है, जो भगवान जगन्नाथ (श्रीकृष्ण) का है। यह भारत के उड़ीसा राज्य के तटवर्ती शहर पुरी में है। जगन्नाथ शब्द का अर्थ जगत के स्वामी होता है। इनकी नगरी ही जगन्नाथपुरी या पुरी कहलाती है। इस मंदिर को हिन्दुओं के चार धाम में से एक गिना जाता है। यह वैष्णव सम्प्रदाय का मंदिर है। यह मंदिर हिंदू धर्म के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है।
2.मीनाक्षी अम्मन मंदिर (तमिलनाडु)

तमिलनाडु में मदुरै शहर में स्थित मीनाक्षी अम्मन मंदिर प्राचीन भारत के सबसे महत्वपूर्ण मंदिरों में से एक है। यह मंदिर भगवान शिव व मीनाक्षी देवी पार्वती का है। मीनाक्षी मंदिर पार्वती के सबसे पवित्र स्थानों में से एक है। मंदिर का मुख्य गर्भगृह 3500 वर्ष से अधिक पुराना माना जाता है।
एक है।

3. तिरूपति बालाजी का मंदिर (आंध्रप्रदेश)

तिरूपति बालाजी का मंदिर आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले में है। यह मंदिर वास्तुकला का अद्भुत नमूना है। मंदिर सात पहाड़ों से मिलकर बने तिरूमाला के पहाड़ों पर बसा है। कहते हैं कि तिरूमाला की पहाडिय़ां विश्व की दूसरी सबसे प्राचीन पहाडियां है। इस तिरूपति मंदिर में भगवान वैंकटेश्वर निवास करते हैं। भगवान वैंकटेश्वर को विष्णुजी का अवतार माना जाता है। यह मंदिर समुद्र तल से 2800 फिट की ऊंचाई पर है। इस मंदिर को तमिल राजा थोडईमाननें ने बनवाया था। इस मंदिर में लगभग 50,000 श्रृद्धालु रोज दर्शन करने आते हैं।

4. कटासराज मंदिर (पाकिस्तान)

कटासराज मंदिर पाकिस्तान के चकवाल गांव से लगभग 40 कि.मी. की दूरी पर कटस में एक पहाड़ी पर है। कहा जाता है कि यह मंदिर महाभारत काल (त्रेतायुग) में भी था। इस मंदिर से जुड़ी पांडवों की कई कथाएं प्रसिद्ध हैं। मान्यताओं के अनुसार, कटासराज मंदिर का कटाक्ष कुंड भगवान शिव के आंसुओं से बना है। इस कुंड के निर्माण के पीछे एक कथा है। कहा जाता है कि जब देवी सती की मृत्यु हो गई, तब भगवान शिव उन के दुःख में इतना रोए की उनके आंसुओं से दो कुंड बन गए। जिसमें से एक कुंड राजस्थान के पुष्कर नामक तीर्थ पर है और दूसरा यहां कटासराज मंदिर में।
5. अंगकोर वट (अंगकोर, कंबोडिया)

अंगकोर वट दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक स्मारकों में से एक है। कंबोडिया दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित है और अंगकोर वट यहां के मुख्य दर्शनीय स्थलों में से एक है। अंगकोर वट भगवान विष्णु को समर्पित मंदिर है। इसका निर्माण लगभग 12वीं सदी में खमेर राजा सूर्यवर्मणाम् द्वितीय ने कराया था। यह मंदिर वास्तु कला का एक अद्भुत उदाहरण है। इस मंदिर को यूनेस्को ने विश्व विरासत स्थलों में भी शामिल किया है।

6. वैष्णो देवी मंदिर (जम्मू-कश्मीर)

भारत में हिन्दुओं का पवित्र तीर्थस्थल वैष्णो देवी मंदिर है, जो त्रिकुटा हिल्स में कटरा नामक जगह पर 1700 मी. की ऊंचाई पर बसा है। मंदिर के पिंड एक गुफा में स्थापित है, गुफा की लंबाई 30 मी. और ऊंचाई 1.5 मी. है। लोकप्रिय कथाओं के अनुसार, देवी वैष्णों ने इस गुफा में छिपे एक राक्षस का वध कर दिया था। मंदिर का मुख्य आकर्षण गुफा में रखे तीन पिंड है। इस मंदिर की देखरेख की जिम्मेदारी वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की है। आंध्र प्रदेश के तिरुमला वैंकटेश्वर मंदिर के बाद इसी मंदिर में भक्तों द्वारा सबसे ज्यादा दर्शन किए जाते हैं। यहां हर साल लगभग 500 करोड़ रुपए का दान आता है। यह भारत का सबसे प्राचीन देवी मंदिर माना जाता है।

7. सोमनाथ मंदिर (गुजरात)

सोमनाथ एक महत्वपूर्ण हिन्दू मंदिर है जिसकी गिनती 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में होती है। गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र के वेरावल बंदरगाह पर स्थित इस मंदिर के बारे में कहा जाता है कि इसका निर्माण स्वयं चन्द्रदेव ने किया था। इसका उल्लेख ऋग्वेद में भी मिलता है। इसे अब तक 17 बार नष्ट किया गया है और हर बार इसका पुनर्निर्माण किया गया। सोमनाथ में हर साल करोड़ों को चढ़ावा आता है। इसलिए, ये भारत के अमीर मंदिरों में से एक है।

8. काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी)

काशी विश्वनाथ मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है, यह वाराणसी में है। काशी विश्वनाथ मंदिर का हिंदू धर्म में एक विशिष्ट स्थान है। ऐसा माना जाता है कि एक बार इस मंदिर के दर्शन करने और पवित्र गंगा में स्नान कर लेने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। वर्तमान मंदिर का निर्माण महारानी अहिल्या बाई होलकर ने वर्ष 1780 में करवाया गया था। बाद में महाराजा रंजीत सिंह द्वारा 1853 में 1000 कि.ग्रा शुद्ध सोने से मढ़वाया गया था। काशी विश्वनाथ भी भारत के अमीर मंदिरों में से एक है। यहां हर साल करोड़ों का चढ़ावा आता है।

9. पद्मनाभ स्वामी मंदिर (केरला)

पद्मनाभ स्वामी मंदिर भारत का सबसे अमीर मंदिर है। यह तिरुवनंतपुरम् शहर के बीच है। इस मंदिर की देखभाल त्रावणकोर के पूर्व शाही परिवार द्वारा की जाती है। यह मंदिर बहुत प्राचीन है और द्रविड़ शैली में बनाया गया है। मंदिर की कुल संपत्ति एक लाख करोड़ रुपए की है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान विष्णु की विशाल मूर्ति विराजमान है, जिसे देखने के लिए हजारों भक्त दूर-दूर से यहां आते हैं।
इस प्रतिमा में भगवान विष्णु शेषनाग पर शयन मुद्रा में विराजमान हैं। मान्यता है कि तिरुअनंतपुरम नाम भगवान के अनंत नामक नाग के नाम पर ही रखा गया है। यहां पर भगवान विष्णु की विश्राम अवस्था को पद्मनाभ कहा जाता है और इस रूप में विराजित भगवान पद्मनाभ स्वामी के नाम से विख्यात हैं।

10. पंचमुखी हनुमान मंदिर (कराची)

कराची के इस हनुमान मंदिर का इतिहास बहुत ही पुराना है। कहा जाता है कि इस मंदिर की पंचमुखी हनुमान मूर्ति कई हजारों साल पुरानी है। कुछ जगह पर उल्लेख मिलता है कि भगवान राम भी इस जगह एक बार आ चुके हैं। अविभाजित भारत (भारत-पाक विभाजन से पहले) का हिस्सा रहे इस एतिहासिक मंदिर में हनुमानजी के दर्शन के लिए सुबह से शाम तक भक्‍तों की भीड़ लगी रहती है। माना जाता है कि जिस जगह पर यह मंदिर है, वहां से11 मुट्ठी मिट्टी हटाने पर यह पंचमुखी हनुमान मूर्ति प्रकट हुई थी। इसलिए इस मंदिर का और अंक 11 का गहरा संबंध है। इस मंदिर में भगवान हनुमान की 11 परिक्रमा लगाने पर भक्तों की सभी परेशानियां खत्म हो जाती हैं और उनकी सारी इच्छाएं पूरी होती हैं।

11. गुरुवयुर मंदिर (केरला)

गुरुवयुर श्री कृष्ण मंदिर गुरुवयुर केरला में है। यह मंदिर विष्णु भगवान का सबसे पवित्र मंदिर माना जाता है। कहा जाता है कि यह मंदिर लगभग 5000साल पुराना है। गुरुवयुर मंदिर वैष्णवों की आस्था का केंद्र है। अपने खजाने के कारण यह मंदिर भी भारत के सबसे अमीर मंदिरों में से एक है। यहां हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
12. मुंडेश्वरी मंदिर (बिहार)

बिहार का मुंडेश्वरी मंदिर भारत के प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है। इस मंदिर को लगभग 1700 साल पुराना माना जाता है। इस मंदिर में भगवान शिव के साथ देवी पार्वती की भी पूजा की जाती है। अपनी प्राचीनता और पौराणिक महत्वों के लिए यह मंदिर भारत के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में से एक है।
13. सिंघसरी शिव मंदिर (जावा)

13वीं शताब्दी में बना सिंघसरी मंदिर पूर्वी जावा के सिंगोसरी में बना हुआ है। यह विशाल मंदिर अपनी भव्यता के लिए पूरी दुनिया में फेमस है। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। मंदिर में भगवान शिव की एक विशाल प्रतिमा है। यहां पर रोज बड़ी संख्या में भक्त आते हैं और भगवान शिव से संबंधी सभी त्योहार बड़ी धूम-धाम से मनाए जाते हैं।

14. तनह लोट मंदिर (बाली)

भगवान विष्णु का यह मंदिर इंडोनेशिया के बाली में एक विशाल समुद्री चट्टान पर बना हुआ है। अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध यह मंदिर 16वीं शताब्दी में निर्मित बताया जाता है। यह मंदिर अपनी खूबसूरती के कारण इंडोनेशिया के मुख्य आकर्षणों में से एक माना जाता है। यह मंदिर बाली द्वीप के हिन्दुओं की आस्था का बड़ा केंद्र हैं।

15. पशुपतिनाथ मंदिर (काठमांडू, नेपाल)

पशुपतिनाथ का मतलब होता है संसार के समस्त जीवों के भगवान। मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर का निर्माण लगभग 11वीं सदी में किया गया था। दीमक की वजह से मंदिर को बहुत नुकसान हुआ, जिसकी कारण लगभग 17वीं सदी में इसका पुनर्निर्माण किया गया। मंदिर में भगवान शिव की एक चार मुंह वाली मूर्ति है। इस मंदिर में भगवान शिव की मूर्ति तक पहुंचने के चार दरवाजे बने हुए हैं। वे चारों दरवाजे चांदी के हैं। यह मंदिर हिंदू और नेपाली वास्तुकला का एक अच्छा मिश्रण है।